फिरोजपुर: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आज सेंट्रल जेल की कैंटीन और मेस की औचक जांच की। इस दौरान बंदियों को दिये जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के भंडारण एवं भोजन बनाने की व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।
चेकिंग के दौरान रसोई एवं कैंटीन में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण एवं समय-समय पर खाद्य सुरक्षा नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने के संबंध में संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस मौके पर कैंटीन से खाद्य पदार्थों के कुल दो नमूने लिए गए, जिनमें एक नमूना जूस और एक नमूना मुरब्बा का शामिल है। दोनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
प्रयोगशाला परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद परिणामों के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि कैदियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए समय-समय पर ऐसी जांच जारी रहेगी।

