गुरदासपुरः जिले के गांव माण कौर बाईपास के नजदीक संदिग्ध परिस्थितियों में पुलिस कर्मी का शव बरामद हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक हेड कांस्टेबल है और मृतक की पहचान विनोद कुमार के रूप में हुई है। हेड कांस्टेबल का शव गांव माण कौर बाईपास के नजदीक मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हेड कांस्टेबल को गोली लगने की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच की जा रही है। विनोद कुमार पठानकोट के सुजानपुर में वायरलेस पर ड्यूटी में तैनात थे। मौजूदा समय में वह फिल्लौर ट्रेनिंग पर गए थे।
वापसी पर उन्होंने अपने भाई को फोन किया कि वह माणकौर बाईपास पर खड़े हैं। उन्हें वहां से घर ले जाएं। यह उनकी परिजन से अंतिम बातचीत थी। परिजन के मुताबिक, जब भाई उन्हें लेने के लिए बताए गए स्थान पर पहुंचा तो विनोद कुमार वहां मौजूद नहीं थे। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने आसपास उनकी तलाश शुरू की, जिसके दौरान रास्ते में ही विनोद कुमार का शव पड़ा मिला। परिजन का कहना है कि किसी अज्ञात हमलावर ने विनोद को गोली मारी है। परिवार के मुताबिक, किसी अज्ञात व्यक्ति ने विनोद कुमार को गोली मारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि, अभी तक घटना के कारणों और परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हेड कांस्टेबल की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उन्हें गोली कैसे लगी, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल, गुरदासपुर की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। वहीं एसएसपी आदित्य का कहना है कि परिवार ने गोलियां लगने की बात कही है। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
