पिथौरागढ़ः पिथौरागढ़ में भारत-नेपाल सीमा पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में सीएम पुष्कर सिंह धामी के मंच पर शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी ने मंच से संबोधित करने का मौका नहीं मिलने से नाराज होकर माइक और कुर्सियां फेंक दीं। इस दौरान साउंड सिस्टम से जुड़े कर्मचारियों के साथ भी उनकी तीखी बहस हुई। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को 10 दिन तक चलने वाले जौलजीबी मेले का उद्घाटन करने पहुंचे थे। विधायक हरीश धामी का आरोप है कि उन्हें मेले की अध्यक्षता की जिम्मेदारी दी गई थी लेकिन इसके बावजूद मंच से अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया। उनका माइक भी बंद कर दिया गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से रवाना होने के बाद विधायक ने नाराजगी जताई और मंच पर तोड़फोड़ शुरू कर दी।
इस दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को डरपोक और भगोड़ा बताते उन्हें धारचूला विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार के मुद्दों पर विपक्ष की आवाज सुनने से डरती है और वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है।
विधायक ने बाद में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि वह दो दिन पहले क्षेत्र में हुई आठ वर्षीय बच्ची की मौत और कनार में सड़क से जुड़ी समस्या को मुख्यमंत्री के सामने उठाना चाहते थे। उन्होंने सवाल किया कि इन गंभीर मुद्दों पर आवाज उठाना क्या अपराध है।
उन्होंने कहा कि मेला केवल सरकार की प्रशंसा करने का मंच नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की जनता की समस्याओं, पीड़ा और अधिकारों की आवाज उठाने का लोकतांत्रिक मंच है। जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की जनता के सवालों को सरकार के सामने रखना उनका नैतिक और संवैधानिक दायित्व है।
मंच पर तोड़फोड़ के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए और उन्होंने जिले के एक अन्य कांग्रेस विधायक मयूंख सिंह महर को उद्घाटन समारोह में आमंत्रित नहीं किए जाने पर विरोध जताया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश पंत ने कहा कि मौजूदा सरकार ने जिले के एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि को आमंत्रित नहीं करके सभी नैतिक मूल्यों को तहस-नहस कर दिया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह बुदियाल ने कांग्रेस विधायक के व्यवहार की निंदा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पास समय की कमी होने के कारण कार्यक्रम पहले ही संक्षिप्त कर दिया गया था। मुख्यमंत्री के लिए विधायक ने जिस तरह के अपशब्दों का इस्तेमाल किया, वह निंदनीय है।
इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 10 दिन तक चलने वाले जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया। इस मेले में भारत, नेपाल और चीन के नियंत्रण वाले तिब्बत की वस्तुओं का प्रदर्शन और बिक्री होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेला बीते दौर में इन तीन देशों के बीच व्यापार के इतिहास और सीमावर्ती क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है। इस वर्ष मेले में तिब्बत से आयातित ऊनी सामान के अलावा भारतीय और नेपाली व्यापारियों के उत्पाद भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
