फिरोजाबादः स्कूली बच्चों को शैक्षिक भ्रमण पर मुनिकीरेती लेकर आ रही बस शनिवार सुबह पीडब्ल्यूडी तिराहे पर अनियंत्रित होकर आश्रम की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि दीवार तोड़ते हुए बस आश्रम परिसर में जा घुसी। हादसे में प्रधानाचार्य समेत तीन लोग घायल हो गए, जबकि बस में सवार शिक्षक और बच्चों की जान बाल-बाल बच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों और बच्चों को बस से बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया, जबकि बच्चों के ठहरने की व्यवस्था मधुबन आश्रम में की गई। मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक हादसा शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। यूपी के फिरोजाबाद के पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चे समेत 47 लोग बस में सवार होकर बाल दिवस पर शैक्षिक भ्रमण के लिए मुनिकीरेती आ रहे थे। बस भद्रकाली होते हुए पीडब्ल्यूडी तिराहे पर पहुंची। यहां चालक ने बस पार्क कर दी। इस पर पुलिस कर्मियों ने उसे खारास्रोत पार्किंग में बस खड़ी करने की सलाह दी। चालक ने जैसे ही बस स्टार्ट की, उसके ब्रेक नहीं लगे और बस अनियंत्रित होकर तिराहे को पार करते सामने स्थित आश्रम की दीवार से टकरा गई।
हादसे में प्रधानाचार्य रजनी सारस्वत, चालक जय प्रकाश और हेल्पर अवधेश घायल हो गए। पुलिस और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं, बच्चों को मधुबन आश्रम में ठहराया गया और उन्हें रिफ्रेशमेंट भी दिया गया। थानाध्यक्ष प्रदीप चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया ब्रेक फेल होने से हादसा होना सामने आया है। हालांकि, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। फिरोजाबाद से मुनिकीरेती जा रही बस को हादसे से पहले रायवाला में एआरटीओ रश्मि पंत ने चेकिंग में रोका था। ओवरलोडिंग पर बस का चालान किया गया था। एआरटीओ ने बताया कि बस 47 सीट में पास है, लेकिन इसमें 13 लोग अधिक सवार थे। सीट से अतिरिक्त लोगों को नीचे उतारा गया था, जिसके बाद वह अन्य सवारी वाहन से गंतव्य के लिए रवाना हुए थे।
