लुधियानाः गुरु अर्जुन देव नगर (बहादरी खेत, ढोलेवाल में शनिवार दोपहर छठ पूजा के आयोजन को लेकर भारी बवाल हो गया। यहां मोहल्ला निवासी और छठ पूजा करने वाले लोग आमने-सामने आ गए। दोपहर करीब 12 बजे हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान मौके पर गोली चलने (फायरिंग) की भी बात सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी फायरिंग की घटना की गहनता से जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक मोहल्ले के लोगों का कहना है कि इस जगह पर हर साल छठ पूजा होती आई है। लेकिन इस बार जिस प्लॉट में आयोजन होना था उसके मालिक ने परमिशन नहीं दी थी। अनुमति न होने के बावजूद श्रद्धालु वहां पूजा करने पहुंच गए। इसी बात को लेकर पिछले दो दिन से दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलग रहा था। आज दोपहर कुछ बाहरी लोग भी वहां आ गए, जिसके बाद बहस ने बड़े हंगामे का रूप ले लिया। हंगामे और विवाद की सूचना मिलते ही थाना ढोलेवाल के एसएचओ (SHO) पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस को देखते ही हंगामा कर रहे कई लोग अपने दोपहिया वाहन वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से कुछ बाइक और एक्टिवा को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गोली वास्तव में चली है या यह महज अफवाह है। सच जानने और आरोपियों की पहचान करने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
