पंचकूलाः पिंजौर-सुखोमाजरी बायपास स्थित टी-प्वाइंट पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। महज एक सप्ताह के अंदर इस स्थान पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की जान जा चुकी है। बीती रात गांव खेड़ा बसोला निवासी विजय की भी इसी टी-प्वाइंट पर हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। इस घटना में बाइक सवार 30 वर्षीय विजय कुमार की जान चली गई।
विजय गांव खेड़ा का रहने वाला था और पिंजौर के यादविन्द्रा गार्डन में नौकरी करता था। हादसे के वक्त वह ड्यूटी समाप्त होने के बाद बाइक पर अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह सुखोमाजरी टी-प्वाइंट पर पहुंचा तो उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और वहां लगे पोल से जा टकराई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि विजय गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही जान चली गई। विजय एक बच्चे का पिता था।
वहीं लगातार हो रही दुर्घटनाओं से गुस्साए आसपास के ग्रामीणों और मौजिज लोगों में प्रशासन के प्रति भारी रोष है। जानकारी के अनुसार ग्रामीणों द्वारा दुर्घटना स्थल पर एकत्रित होकर यातायात जाम किया और प्रशासन कर नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज करवाई। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद इस खतरनाक मोड़ पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से लोगों में रोष है। बता दें कि गत दिनों इसी जगह पर गांव बसोला निवासी सतनाम सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई थी सतनाम भी स्कूल से अपनी ड्यूटी करके घर वापिस जा रहा था।
