होशियारपुरः जिले के सिविल अस्पताल में लोग डेंगू की बीमारी का ईलाज करवाने के लिए आ रहे है, लेकिन अस्पताल में ही डेंगू फैलने का खतरा बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। दरअसल, हर शुक्रवार को लोगों को डेंगू पर वार करने का संदेश देने वाला स्वास्थ्य विभाग अब खुद डेंगू के खतरे में है। स्वास्थ्य विभाग लोगों को सलाह देता है कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, कूलरों और अन्य जगहों को पानी से साफ करें, लेकिन सिविल अस्पताल होशियारपुर के अंदर सफाई और लार्वा रोकथाम के इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं।
ऐसे में सिविल अस्पताल में पड़ी गंदगी और जमा पानी की तस्वीरें भी सामने आई है। जहां देखा जा सकता हैकि पानी जमा हुआ है और भारी मात्रा में गंदगी फैली हुई है। जानकारी के मुताबिक, सिविल अस्पताल में बने मेडिकल वार्ड के साथ लगते पार्क में जमा पानी के कारण डेंगू का लार्वा पनपने की शिकायत मिली है। यह स्थिति इसलिए भी गंभीर है क्योंकि अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। अगर अस्पताल में मच्छरों की उत्पत्ति रोकने के इंतजाम नहीं हो सके तो आम लोगों को डेंगू से बचाव के लिए जो निर्देश दिए जा रहे हैं, वे कितने कारगर हैं, यह अपने आप में बड़ा सवाल है।
वहीं मामले की जानकारी देते हुए सिविल अस्पताल के डॉकटर जगदीप ने कहा कि उनकी सेहत विभाग की टीमें लोगों के घरों में जा रही है और चैकिंग के दौरान जहां लार्वा मिलता है वहीं पानी को गिराया जाता है। ऐसे में लोगों को डेंगू के खतरे से बचने को लेकर उपाय बताए जा रहे है। इस दौरान जब डॉक्टर से शहर वासियों को डेंगू से बचने के लिए लोगों को संदेश दिया जा रहा है, वहीं अस्पताल में बने पार्क में फैली गंदगी को लेकर बात की गई तो डॉक्टर का कहना हैकि वहां पर स्प्रे किया जाता है। हैरानी की बात यह है कि अस्पताल में जहां गंदगी फैली हुई है, वहीं पास में मरीजों का वार्ड है और खिड़कियां खुली हुई पाई गई।
