पुरुष अभ्यर्थियों की 13, 14, 15 नवंबर को परीक्षा, 16 को महिला अभ्यर्थियों का होगा शारीरिक परीक्षण
ऊना। हिमाचल प्रदेश पुलिस में आरक्षी भर्ती की प्रक्रिया के तहत जिला ऊना में अभ्यर्थियों के शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) एवं शारीरिक माप परीक्षण (PST) का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। ये परीक्षण 13 से 16 नवंबर तक पुलिस लाइन झलेड़ा के मैदान में आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए पुरुष और महिला अभ्यर्थियों को उनके रोल नंबर के अनुसार अलग-अलग तिथियों में बुलाया गया है।
जारी शेड्यूल के अनुसार, 13 नवंबर को 80067972 से 80069471 तक रोल नंबर वाले पुरुष अभ्यर्थियों का परीक्षण होगा। इसी तरह 14 नवंबर को 80069472 से 80070971 तक तथा 15 नवंबर को 80070972 से 80072586 तक रोल नंबर वाले पुरुष अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षण के लिए बुलाया गया है। वहीं, महिला अभ्यर्थियों का शारीरिक दक्षता एवं माप परीक्षण 16 नवंबर को आयोजित होगा। इस दिन 90026766 से 90028476 तक रोल नंबर वाली महिला अभ्यर्थियों को उपस्थित होना होगा। जिला पुलिस के निर्देशानुसार सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर सुबह 6 बजे पुलिस लाइन झलेड़ा के मैदान में रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा।
अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट और सभी जरूरी दस्तावेज मूल रूप में साथ लाने होंगे। परीक्षण स्थल पर अभ्यर्थियों के साथ माता-पिता या अभिभावकों के आने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा सामान, लगेज, मोबाइल फोन और अन्य कीमती वस्तुएं लाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। जिला पुलिस ऊना ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने रोल नंबर के अनुसार निर्धारित तिथि और समय पर पहुंचें तथा भर्ती प्रक्रिया से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
