बिना मंजूरी हो रहे निर्माणों पर गमाडा की कार्रवाई
मोहालीः डेराबस्सी क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कई गांवों में कार्रवाई की है। गांव पंडवाला के अलावा सुंडरा, खेड़ी और मोर ठिकरी में भी विभिन्न स्थानों पर गमाडा की टीम की ओर से कार्रवाई करते हुए बिना जरूरी मंजूरी के किए जा रहे निर्माण कार्यों को ध्वस्त किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया।
गमाडा के अधिकारी जसकरण सिंह ने बताया कि क्षेत्र में बिना मंजूरी किए जा रहे निर्माण और अनधिकृत गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि पहले भी ऐसे मामलों में कार्रवाई की गई है और आगे भी जहां कहीं नियमों का उल्लंघन सामने आएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, कार्रवाई की चपेट में आए एक दुकान मालिक ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अधिकारियों की ओर से उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया था। दुकान मालिक के मुताबिक, वह अपनी ही जगह पर दुकान बनाने के लिए निर्माण कार्य करवा रहा था, लेकिन प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर दी।
दुकान मालिक ने बिना पूर्व सूचना और नोटिस के की गई कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। ऐसे में प्रशासन की कार्रवाई के साथ-साथ प्रभावित लोगों की ओर से उठाए जा रहे सवाल भी चर्चा का विषय बने हुए हैं।
प्रशासन की ओर से लोगों को सलाह दी गई है कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित विभाग से आवश्यक मंजूरी जरूर प्राप्त करें, ताकि भविष्य में कानूनी कार्रवाई और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।
