मोहालीः दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिलने की घटना सामने आई है। जहां आरोपी द्वारा 7 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। खुद को लारेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा बताने वाले एक व्यक्ति ने दिल्ली के तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह को फोन कर धमकी दी। आरोपी ने व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर भी 7 करोड़ रुपये मांगे। रुपये न देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी की हत्या करने की धमकी दी गई। विधायक की शिकायत पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
विधायक जरनैल सिंह ने 6 नवंबर को मोहाली के एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि उनके निजी मोबाइल नंबर पर आरोपित का फोन आया था। इसके बाद उसी नंबर से व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश भी भेजा गया।
आरोपी के व्हाट्सएप प्रोफाइल पर ‘एच’ नाम दिखाई दे रहा था। फोन करने वाले ने खुद को लारेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए कहा कि केजरीवाल को 7 करोड़ रुपये देने के लिए कह दो, नहीं तो उन्हें और उनकी बेटी को जान से मार दिया जाएगा। मोहाली के साइबर क्राइम थाने में 7 नवंबर 2026 को रात 9:16 बजे FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने अज्ञात कॉलर के खिलाफ BNS, 2023 की धारा 308(4) (फिरौती के लिए मौत या गंभीर चोट का भय दिखाना), 351(2), 351(3), 351(4) (आपराधिक धमकी), 111(2) (संगठित अपराध) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की तकनीकी जांच इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है।
