जातिसूचक शब्द कहकर मारपीट करने पर 4 के खिलाफ मामला दर्ज
ऊना। जिला ऊना में सड़क हादसे और मारपीट के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने केस दर्ज किए हैं। सदर थाना ऊना के तहत त्यूड़ी में स्कूटी की टक्कर से एक महिला घायल हो गई, जबकि गगरेट थाना क्षेत्र के जीतपुर बेहड़ी में एक व्यक्ति के साथ कथित तौर पर जातिसूचक शब्द कहकर मारपीट करने का मामला सामने आया है।
त्यूड़ी में स्कूटी की टक्कर से महिला घायल सदर थाना ऊना के तहत 11 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे त्यूड़ी में सड़क हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार अमरिंद्र सिंह निवासी भगड़ा, तहसील अंब स्कूटी पर जा रहा था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर लापरवाही से स्कूटी चलाते हुए सड़क किनारे खड़ी जोगिंद्र कौर पत्नी स्वर्गीय राम कृष्ण सैनी निवासी लोअर अरनियाला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर स्कूटी चालक के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जन्मदिन समारोह में जातिसूचक शब्द कहकर मारपीट का आरोप गगरेट थाना क्षेत्र के जीतपुर बेहड़ी में 10 नवंबर की रात करीब आठ बजे मारपीट का मामला सामने आया। शिकायतकर्ता के अनुसार वह अपने साथी फोरमैन मुनीष के बेटे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया था। इसी दौरान राकेश कुमार निवासी कड्ड, जगीरा निवासी कुनेरन, शम्मी और सुभाष चंद निवासी जीतपुर बेहड़ी ने कथित तौर पर उसे जातिसूचक शब्द कहे और उसके साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे धमकियां भी दीं। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
