पठानकोटः शहर में रेलवे क्षेत्र के निकट आम रास्ते और खाली पड़ी करोड़ों रुपये की जमीन पर कंटेनर रखकर अवैध कब्जा किया जा रहा है। विधायक अश्विनी शर्मा ने आरोप लगाया कि जब से रेलवे ने अपना दायरा बंद किया है, तब से यहां आने-जाने के लिए केवल पैदल रास्ता बचा है। इसी रास्ते से सुबह स्कूली बच्चे और परिवार गुजरते हैं। पठानकोट का भू-माफिया करोड़ों की इस बेशकीमती जमीन पर नजर गड़ाए हुए है। उन्होंने बताया कि लगभग 7 दिन पहले भी कुछ लोगों ने यहां कबाड़ जैसा कंटेनर रखकर कब्जा करने की कोशिश की थी। उस समय योगेश ठाकुर, सन्नी और स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद इसे हटवा दिया गया था। लेकिन बीते दिन भू-माफिया ने दोबारा उसी जगह पर कंटेनर लाकर खड़ा कर दिया।
आरोप है कि कब्जा करने वाले लोग मोहल्ले वालों को धमका रहे हैं कि उनके कंटेनर को कोई हाथ न लगाए। वहीं लोगों द्वारा एसएसपी और पुलिस प्रशासन से मांग की गई कि मौके की वीडियो फुटेज के आधार पर कब्जा करने आए लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नामजद एफआईआर (पर्चा) दर्ज करने की मांग की गई है। इसी के साथ कंटेनर को पुलिस कस्टडी में लेने की अपील की गई। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी डिवीजन नंबर 1 के विजय कुमार ने बताया कि यह खाली जगह रेलवे लाइन के पास है, जहां कोई पक्का सरकारी रास्ता नहीं है, लेकिन लोग वर्षों से यहां से पैदल आते-जाते हैं। अज्ञात लोग यहां खाली जगह पर कंटेनर रख गए थे।
उन्होंने ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस मात्र दो मिनट में मौके पर पहुंच गई और रास्ते से कंटेनर को हटवाकर किनारे करवाया जा रहा है। जिसकी भी यह संपत्ति होगी, जांच के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने ने स्थानीय लोगों द्वारा विरोध में रास्ता/सड़क जाम करने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जनता को कानून हाथ में लेकर जाम नहीं लगाना चाहिए। जब भी ऐसी कोई समस्या या परेशानी हो, तो सबसे पहले सीधे थाने आकर एसएचओ से मिलना चाहिए ताकि तुरंत समाधान किया जा सके।
