जालंधर, ENS: नेशनल हाईवे-44 गोराया-फिल्लौर के बीच बने अवैध कट लगातार सड़क हादसों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा बल के प्रभारी जसविंदर सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान दिवाली की अंधेरी रात का फायदा उठाकर कथित तौर पर एक पेट्रोल पंप द्वारा बिना किसी जरूरी मंजूरी या कागजी कार्रवाई के इलेक्ट्रिक कटर से हाईवे पर लगे बैरियर और लोहे के एंगल को काटकर अपने पंप तक जाने का अवैध रास्ता बनाने का मामला सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक सुबह ही संबंधित विभाग के अधिकारियों और पुलिस प्रशासन की ओर से इस संबंध में चेतावनी दे दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद बिना ध्यान दिए रात के अंधेरे में हाईवे के बैरियर काटकर रास्ता खोल दिया गया। इस सड़क पर अलग-अलग स्थानों पर होने वाली दुर्घटनाओं में अब तक कई कीमती जानें जा चुकी हैं।
ऐसे में बिना मंजूरी के नई सड़कें खोलना सड़क सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखने वाली बात यह होगी कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं? क्या इस कथित अवैध कट को तुरंत बंद किया जाएगा या किसी बड़े हादसे का इंतज़ार किया जाएगा?
