कपूरथलाः दिवाली की रात मोहल्ला मेहताबगढ़ में उस समय दहशत फैल गई, जब अपने घर के बाहर दिवाली के पटाखे चला रहे 27 वर्षीय युवक की कुछ युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 27 वर्षीय मनी उर्फ पहलवान पुत्र बग्गा निवासी मोहल्ला मेहताबगढ़, कपूरथला के रूप में हुई है। गोली लगने से युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे कपूरथला के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिवार की दीवाली की खुशियां मातम में बदल गईं।
मृतक के पिता बग्गा ने सिविल अस्पताल में बताया कि उनका बेटा पहलवानी करता था और किसी के साथ उसका कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं था। देर रात वह घर के बाहर दिवाली के पटाखे चला रहा था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उनके बेटे को गोली मार दी। गोली लगते ही मनी जमीन पर गिर पड़ा. परिवार के सदस्य उसे तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अपने जवान बेटे की मौत से पिता बग्गा का रो-रोकर बुरा हाल था। अस्पताल में वह बार-बार अपने बेटे को याद कर बिलख रहे थे। परिवार के अन्य सदस्यों और रिश्तेदारों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक के रिश्तेदार हरजिंदर कौर ने बताया कि मनी का विवाह कुछ महीने पहले ही बेगोवाल निवासी एक युवती के साथ हुआ था। उसकी चार बहनें हैं। परिवार को इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि दिवाली की रात उनके घर में खुशियों की जगह मातम छा जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी शीतल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहल्ला मेहताबगढ़ में एक युवक को गोली मार दी गई है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो गोली लगने से युवक की मौत हो चुकी थी। डीएसपी ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उनके बयानों के आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दिवाली की रात हुई इस हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और गोली मारने के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
