अमृतसरः शहर में त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने देर रात अपने हलके अजनाला के विभिन्न बाजारों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सजाए गए बाजारों में दुकानदारों से बातचीत की और सुरक्षा इंतजामों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने दुकानदारों को त्योहारों के दौरान बिना किसी परेशानी के कारोबार करने और लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाने का भरोसा दिया।
दौरे के दौरान विधायक ने खास तौर पर पटाखों की दुकानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि पटाखे खरीदने वाले किसी भी व्यक्ति को दुकान के पास ही पटाखे चलाने की अनुमति न दी जाए। पटाखे खरीदने के बाद लोगों को उन्हें अपने घर ले जाकर ही चलाने के लिए कहा जाए, ताकि दुकानों और आसपास के बाजार में आग लगने या किसी तरह के नुकसान की आशंका न रहे।
धालीवाल ने दुकानदारों को समझाया कि अगर कोई व्यक्ति दुकान के पास पटाखे चलाता है तो इससे आग लगने और दुकानदारों के सामान को नुकसान पहुंचने का खतरा हो सकता है। इसलिए सभी दुकानदार इस मामले में सावधानी बरतें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से भी बातचीत की।
विधायक ने बताया कि दिवाली तक बाजारों में 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था रखने के लिए पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि डिप्टी साहिब और SHO को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। अगर किसी दुकानदार को कोई समस्या आती है या कोई शरारती तत्व माहौल खराब करने की कोशिश करता है तो तुरंत पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी जाए। विधायक ने दुकानदारों से अपील की कि वे खुशी और उत्साह के साथ त्योहार मनाएं, लेकिन सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
