फरीदाबादः हरियाणा के फरीदाबाद में टेक महिंद्रा कंपनी के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सेक्टर-21C में पड़ोसी मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उन पर करीब 15 राउंड फायरिंग की। जिसमें से परमजीत को 9 गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि मोनू का बेटा पार्किंग में अपने डॉग को पॉटी कराता था। परमजीत का परिवार इसी का विरोध कर रहा था।
शुक्रवार रात को भी परमजीत की मोनू से पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर बहस हुई, इसके बाद मोनू ने गोलियां चला दीं। परमजीत बिल्डिंग नंबर- 641 के फर्स्ट फ्लोर रहते थे, जबकि आरोपी मोनू इसी घर की तीसरी मंजिल पर रहता है। वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। परमजीत की बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया है।
सूरजकुंड थाना पुलिस का कहना है कि परमजीत सिंगापुर रहते थे। 2 दिन पहले ही भांजे की शादी में शामिल होने के लिए लौटे थे। भांजे की शादी 24 नवंबर की है। परमजीत शुक्रवार रात करीब 8 बजे जिम से घर लौटे थे। सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद ने बताया कि इसी दौरान पार्किंग में उन्हें जो जगह अलॉट थी, वहां मोनू की गाड़ी खड़ी थी।
उन्होंने मोनू से गाड़ी हटाने को कहा तो इसी दौरान उनके बीच फिर विवाद हो गया। मोनू पार्किंग में ही अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया था। हंगामा बढ़ने पर उसने पिस्टल निकालकर परमजीत पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर हालत परमजीत की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मोनू पूरे परिवार के साथ फरार हो गया। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद ने बताया कि वारदात की सूचना पर पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल से कारतूसों के कुछ खोल बरामद हुए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया, करीब 15 राउंड फायरिंग की गई। अभी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
