चंडीगढ़: हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार सडक़ आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और आमजन को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में हिसार शहर में पुराने दिल्ली रोड पर चुंगी चौक से सिरसा चुंगी तक सड़क को 6 लेन करने के लिए 43 करोड़ 35 लाख 48 हजार रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी गई है।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत पुराने दिल्ली रोड पर मौजूदा 4 लेन सड़क का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। सड़क को 6 लेन करने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। यह सड़क हिसार शहर के लिए महत्वपूर्ण है और इसके उन्नयन से शहर की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सडक़ों के निर्माण, चौड़ीकरण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य केवल नई सड़क बनाना ही नहीं, बल्कि मौजूदा सडक़ों को भी बेहतर और टिकाऊ बनाना है, ताकि लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों की प्रक्रिया में नियमों के अनुरूप आवश्यक कदम उठाने और परियोजनाओं को बेहतर ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
