ऊना। जिला ऊना में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अजोली के वार्ड नंबर-5 स्थित किराए के मकान से 12.88 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूब की रात SIU ऊना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अजोली के वार्ड नंबर-5 में स्थित एक किराए के मकान की नियमानुसार तलाशी ली। इस दौरान कमरे के अंदर से 12.88 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
कमरे में मौजूद तीन व्यक्तियों की पहचान उपेंद्र महतो निवासी माधोपुर बुजुर्ग, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार), कार्तिक कुमार और नीतिश शाह, दोनों निवासी शिवालिक एवेन्यू, नया नंगल, जिला रूपनगर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए चिट्टे की सप्लाई कहां से हुई और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इस संबंध में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की गहनता से जांच की जा रही है। जिला ऊना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान में आमजन से सहयोग की अपील की है।
