जम्मूः सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी की पत्नी के खिलाफ विदेशी खुफिया एजेंसियों से संपर्क रखने और देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा करने के आरोप में जम्मू के गांधी नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
आरोपित महिला की पहचान तेलंगाना के सिकंदराबाद निवासी पलपार्थी नागा अनघा लक्ष्मी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार महिला सतवारी सैन्य क्षेत्र में आई हुई थी। पुलिस ने इस मामले में गांधी नगर थाने में आफिशियल सीक्रेट्स एक्ट, डिजिटल/इलेक्ट्रानिक माध्यम से देश की महत्वपूर्ण जानकारी लीक करने, षड्यंत्र में शामिल होने का मामला दर्ज किया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एक विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद महिला की गतिविधियां संदेह के घेरे में आईं। आरोप है कि वह देश की सुरक्षा से संबंधित संवेदनशील दस्तावेज, तस्वीरें और इलेक्ट्रानिक डाटा एकत्र करने, अपने पास रखने और उन्हें आगे भेजने में शामिल थी। संदेह जताया है कि यह जानकारी एन्क्रिप्टेड संचार (ऑनलाइन) माध्यमों के जरिए चीन सहित अन्य विदेशी देशों से जुड़ी खुफिया एजेंसियों के लोगों तक पहुंचाई जा रही थी।
हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कौन से दस्तावेज या जानकारियां साझा की गईं। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि क्या आरोपित ने किसी गोपनीय दस्तावेज या इलेक्ट्रानिक रिकार्ड तक पहुंच बनाई थी और क्या वास्तव में कोई संवेदनशील जानकारी विदेशी एजेंसियों तक पहुंचाई गई।
पुलिस ने अभी तक बरामदगी, तलाशी या गिरफ्तारी को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। फिलहाल महिला पर लगाए आरोपों की जांच की जा रही है।
