कोलकाताः उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम महा सप्तमी पर बारिश के बीच भीड़ बढ़ने से मची भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई और 25 घायल हो गए। हादसे के बाद कोलकाता पुलिस ने जांच में आयोजकों समेत 12 लोगों को हिरासत में लिया है और सीसीटीवी फुटेज जब्त किए है। एंटी-राउडी सेक्शन मामले की जांच कर रहा है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घटना की जांच कलकत्ता हाईकोर्ट के मौजूदा जज की अध्यक्षता में SIT से कराने और मृतकों के परिवार को 25-25 लाख व ग्रुप-डी नौकरी देने का ऐलान किया है। साथ ही प्रमुख पंडालों की सुरक्षा समीक्षा के लिए प्रधान सचिव राजेश सिन्हा, DG अनुज शर्मा और ADG जावेद शमीम की उच्च स्तरीय समिति गठित की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने सभी पूजा कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं और रविवार को कोलकाता मेडिकल कॉलेज में घायलों से मिलेंगे।
शनिवार शाम महा सप्तमी के दिन बारिश के बीच अचानक भीड़ बढ़ने के कारण उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मच गई थी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इससे पहले कहा था कि घटना की जांच कलकत्ता हाईकोर्ट के एक मौजूदा न्यायाधीश की अध्यक्षता वाला विशेष जांच दल (एसआईटी) करेगा।
उन्होंने कहा कि एसआईटी में विशेष कार्य बल (एसटीएफ), अपराध जांच विभाग (सीआईडी) और अन्य विभागों के सदस्य शामिल होंगे। कोलकाता पुलिस के ‘एंटी-राउडी सेक्शन’ (एआरएस) ने घटना के समय के सीसीटीवी फुटेज एकत्र किए हैं। अधिकारी ने कहा कि हम फुटेज की जांच करेंगे और भीड़ को नियंत्रित करने में नाकाम रहने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई करेंगे। पूजा समिति का कोई सदस्य, होमगार्ड, अस्थायी कर्मचारी, पुलिसकर्मी या किसी निजी कंपनी का कोई सुरक्षा गार्ड हो सकता है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने चोरबागान सर्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना के बाद राज्य के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित करने की घोषणा की। समिति प्रमुख पूजा पंडालों में भीड़ प्रबंधन, बाहर निकलने के रास्तों और ढांचागत सुरक्षा की समीक्षा करेगी तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश देगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि समिति में आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव राजेश सिन्हा, अग्निशमन सेवा के महानिदेशक अनुज शर्मा और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) जावेद शमीम शामिल होंगे। घटना के बाद जारी निर्देशों के अनुसार, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के मार्ग-दर्शन में यह दल प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों में जाएगा तथा वहां सुरक्षा व्यवस्था एवं ढांचागत सुरक्षा का निरीक्षण करेगा।
प्रशासन ने बाहर निकलने के रास्तों को चौड़ा करने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और रस्सियों से बनाए गए घेरों के कारण मार्ग सकरा हो जाने और इससे पैदा होने वाली बाधाओं को दूर करने की जरूरत पर भी जोर दिया है। दुर्गा पूजा के शेष दिनों में, विशेष रूप से अष्टमी और नवमी पर पंडालों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने और भीड़ को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। घटना के बाद मुख्यमंत्री कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल गए थे जहां घायलों का उपचार किया जा रहा था। उन्होंने घोषणा की कि उनकी सरकार मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और ‘ग्रुप-डी’ के सरकारी पद पर नौकरी देगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तरी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में घायल हुए लोगों से रविवार को मुलाकात करेंगे। शाह ने इस हादसे के बाद पश्चिम बंगाल में अपने निर्धारित दुर्गा पूजा कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर शनिवार शाम कोलकाता आए शाह के यहां कॉलेज स्ट्रीट इलाके में स्थित कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल जाने की संभावना है, जहां अधिकतर घायलों का इलाज जारी है।
