यमुनानगर। यमुनानगर के छछरौली थाना क्षेत्र के गांव बलाचौर में एक टायर फैक्ट्री में तेज धमाके के बाद भीषण आग लग गई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर मौजूद थे। हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसी के साथ दमकल विभाग की 7 से 8 गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मी तीन घंटे से आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। आग लगने से फैक्ट्री में खड़ा एक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया। इसके अलावा वहां रखे बड़ी संख्या में टायर भी जल गए।
आग से लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है। फैक्ट्री में मौजूद मजदूर हरबंस और लेखराज ने बताया कि वे बलाचौर स्थित एमएस यश ट्रेडिंग कंपनी में काम करते हैं। वे सुबह कमरे पर मौजूद थे, जोकि फैक्ट्री परिसर में ही है। करीब 11 बजे परिसर के अंदर तेज धमाका हुआ, जिससे पूरा कमरा हिल गया। वह तुरंत बाहर भागे तो देखा कि फैक्ट्री में से आग की लपटें उठ रही थीं। मजदूरों का कहना है कि यह हादसा फैक्ट्री में बैलून फटने से हुआ है। हालांकि धमाके और आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। इस हादसे में जिला लखीमपुर यूपी निवासी महेश और एक ट्रक ड्राइवर झुलस गया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे में एक ट्रक पर हजारों टायर जल गए हैं।
