मानसाः एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परमिंदर सिंह झोटा का केमिस्ट अश्विनी कुमार ने गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं अश्विनी कुमार को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के के मुताबिक, हत्यारोपी अश्विनी की गिरफ्तारी राजस्थान के सालासर से हुई है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की। अधिकारियों का कहना है कि आज (14 अक्टूबर) को मानसा में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की पूरी जानकारी दी जाएगी।
इधर, सिख संगठनों ने आज मानसा बंद करवा दिया है। सभी दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हैं। सभी लोगों से अपील की जा रही है कि वह शोकाकुल परिवार के समर्थन में खड़े हों। उनका कहना है कि सरकार ने हमारे बच्चों को मारना शुरू कर दिया है। उसका विरोध करो। वहीं पुलिस ने विवाद बढ़ने से रोकने के लिए अकाली दल वारिस पंजाब दे के नेताओं को हाउस अरेस्ट कर दिया है।
बता दें कि मंगलवार को फेसबुक लाइव के दौरान एक्टिविस्ट परमिंदर सिंह झोटा की केमिस्ट अश्विनी कुमार ने 3 गोलियां मारकर हत्या कर दी। इसका विरोध जताते हुए लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में केमिस्ट की दुकान तोड़ दी और सामान बाहर फेंक दिया। साथ ही मानसा सिविल अस्पताल के बाहर धरना लगा दिया। जानकारी के अनुसार, देर रात धरना स्थल पर मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी भी पहुंचे थे। उन्होंने परिजन को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने बात करने से ही इनकार कर दिया। उनका कहना था कि उन्हें इंसाफ चाहिए। सीएम भगवंत मान और डीजीपी गौरव यादव इस्तीफा दें। मामले की कार्रवाई सीबीआई से करवाई जाए।
