रूफटॉप सोलर संयंत्र, पात्रता, पंजीकरण और सरकारी वित्तीय सहायता की मिलेगी जानकारी
ऊना,सुशील पंडित: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति आम जनता को जागरूक करने और पात्र उपभोक्ताओं के पंजीकरण के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड द्वारा 13 से 15 अक्तूबर तक ऊना शहर के रक्कड़ में तीन दिवसीय विशेष ‘सेवा सेतु’ जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक विद्युत बोर्ड के विद्युत परिचालन वृत्त, रक्कड़ कालगीधर फर्नीचर के सामने आयोजित होगा।
विद्युत बोर्ड द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय शिविर में उपभोक्ताओं को अपने घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लाभ, योजना की पंजीकरण प्रक्रिया, पात्रता संबंधी शर्तों और सरकार द्वारा निर्धारित वित्तीय सहायता के प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी।
शिविर के दौरान उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया, अधिकृत विक्रेताओं के माध्यम से संयंत्र लगवाने तथा योजना से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताओं के बारे में मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही, उपभोक्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान करने और पात्र लाभार्थियों को पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विद्युत बोर्ड ने लोगों से अपील की है कि वे शिविर में भाग लेकर योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त करें तथा निर्धारित नियमों और पात्रता शर्तों के अनुसार इसका लाभ उठाएं। रूफटॉप सोलर संयंत्र अपनाकर उपभोक्ता बिजली खर्च में बचत करने के साथ स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी योगदान दे सकते हैं।
