कोच्चिः केरल के कोच्चि स्थित नेदुंबस्सेरी में तेज रफ्तार Mini Cooper कार की टक्कर से स्कूटर सवार 3 विद्यार्थियों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक को रोक लिया। इस दौरान चालक ने कथित तौर पर कहा कि उसके पिता सब संभाल लेंगे।
प्रत्यक्षदर्शी सलीम ने बताया कि हादसे के समय वह घटनास्थल के पास मौजूद थे। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क पर तीन लोगों को घायल अवस्था में पड़ा देखा। सलीम के मुताबिक तीनों को Mini Cooper कार ने टक्कर मारी थी, जिसकी सीसीटीवी भी सामने आई है।
सलीम ने बताया कि टक्कर के बाद स्थानीय लोगों ने कार को रोक लिया और चालक के साथ उनकी बहस हुई। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार चालक कथित तौर पर कह रहा था कि उसके पिता पूरे मामले को संभाल लेंगे। जिसके बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक तीनों घायल कोई हरकत नहीं कर रहे थे।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 21 वर्षीय इयास, देविका और गोपिका के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों एक ही स्कूटर पर सवार थे तभी तेज रफ्तार Mini Cooper ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर की गंभीरता के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी चालक सुहैल सजीव को हिरासत में लिया और कार जब्त कर ली।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक शराब के नशे में तो नहीं था। मामले में आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।
