डेराबस्सीः नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुबारकपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 1105 नशीले कैप्सूलों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के बैग की तलाशी के दौरान नीले रंग के SEMPLX+ मार्का वाले खुले कैप्सूल बरामद किए। आरोपी इन कैप्सूलों से संबंधित कोई परमिट या लाइसेंस नहीं दिखा सका।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस के हाथ लगा आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को एएसआई अवतार सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ ओल्ड अंबाला-कालका रोड पर मुबारकपुर स्थित रेस्ट हाउस के पास नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 5 बजकर 40 मिनट पर ढकोली की तरफ से एक युवक पीठ पर बैग लटकाकर आता दिखाई दिया।पुलिस पार्टी को युवक की गतिविधियों पर शक हुआ, जिसके बाद उसे रोककर पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली।
बैग से मिले 1105 खुले नशीले कैप्सूल
तलाशी के दौरान युवक के बैग से नीले रंग के SEMPLX+ मार्का वाले कुल 1105 खुले नशीले कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने जब युवक से इन कैप्सूलों से संबंधित परमिट या लाइसेंस मांगा, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है आरोपी
चौकी इंचार्ज कुलवंत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल कुमार उर्फ लक्की पुत्र स्वरूप कुमार के रूप में हुई है। आरोपी हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के गांव भटेच का रहने वाला है। उसका थाना शाहपुर क्षेत्र से संबंध है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उससे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसके पास ये कैप्सूल कहां से आए थे और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं।
