खुलेआम शराब पीने का आरोप, महिलाओं का निकलना हुआ मुश्किल !
मोहाली: अंबाला हाईवे पर स्थित प्रीत कॉलोनी में खुले शराब के ठेके ने इलाका वासियो का जीना मुश्किल कर दिया है। कॉलोनी के लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि ठेके से शराब खरीदने वाले लोग खुलेआम बैठकर शराब का सेवन करते हैं। जिस कारण महिलाओ का गुजरना मुश्किल हो गया है।
यहां केवल खुलेआम शराब का सेवन ही नहीं होता, बल्कि अन्य प्रकार के नशे किए जाने के भी आरोप हैं। लोगों के मुताबिक, कॉलोनी में कई बार चोरी की घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिससे इलाके के लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
हैरानी की बात है कि चंद कदमों की दूरी पर पुलिस पोस्ट मौजूद है। जिसके बावजूद कथित तौर पर खुलेआम शराब पीने और नशा करने वालों पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है। लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं
एक तरफ पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ CASO ऑपरेशन चलाकर कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ प्रीत कॉलोनी के लोगों के आरोप जमीनी स्तर पर पुलिस की निगरानी और कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहे हैं ? स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस शराब के ठेके को जल्द से जल्द यहां से हटाया जाए, ताकि कॉलोनी के निवासियों, खासकर महिलाओं को राहत मिल सके और इलाके में सुरक्षित माहौल कायम हो।
लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द शराब का ठेका यहां से नहीं हटाया गया, तो वह सड़क जाम कर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
