जालंधर, ENS: मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ रविवार को शारदीय नवरात्र का आगाज हो रहा है। ऐसे में मां के स्वागत के लिए जहां मंदिरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। वहीं नवरात्र को लेकर बाजारों में भी रौनक लगी है। इस बार फूल-मालाओं की मांग बढ़ने से दाम भी उछल गए हैं। छोटी माला अब 30 से 40 रुपये और बड़ी माला 50 से 60 रुपये तक बिक रही है।
बाजारों में आज सुबह से ही खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। लोग कपड़े, आभूषण, सजावटी सामान, इलेक्ट्रॉनिक आइटम की दुकानों पर खरीदार पहुंच रहे हैं। इस बार पूजा सामग्री बेचने वाले दुकानदारों के कारोबार में भी तेजी देखी जा रही है। वहीं मीठा बाजार में स्थित सेवक धूप के संचालक ऋषि शर्मा ने कहा कि लोगों में नवरात्रों को लेकर काफी क्रेज देखने को मिल रहा है। ऐसे में माता रानी की पूजा को लेकर त्रिकोण ड्रेस और ब्राइडल लहंगे लेने के लिए भारी मात्रा में लोग खरीददारी कर रहे है।
वहीं प्रिंस ने कहा कि माता रानी की सुंदर मूर्तियां दुकान पर आई है। ऐसे में इस्कॉन मूर्तियों की मांग का काफी चलन है। वहीं मां के श्रृंगार के सामान की खरीदारी को लेकर श्रद्धालु पहुंचने लगे है। ऐसे में इस बार जहां इस्कॉन मूर्ति की डिमांड बढ़ी है, वहीं मां के लहंगे की भी काफी डिमांड बढ़ी है। ऐसे में लोग माता रानी की ब्राज में मूर्ति, फाइबर में मूर्तियां भारी मात्रा में खरीद रहे है।
चनिया-चोली, लहंगे, कुर्ते, पगड़ी और दूसरे पारंपरिक परिधानों की मांग बढ़ रही है। नवरात्रि की तैयारियों का सबसे पहला असर पूजा सामग्री के बाजार में दिखाई दे रहा है। कलश, नारियल, चुनरी, मौली, रोली, धूप-अगरबत्ती, कपूर और पूजा पात्र जैसी चीजों की मांग बढ़ रही है। ऐसे में सभी दुकानदार भी संभावित मांग को देखते हुए पहले से स्टॉक बढ़ा रहे हैं। यानी त्योहार आने से पहले ही बाजार में खरीदारी की हलचल दिखाई देने लगी है।
