लुधियाना: जिले में सिविल सर्जन के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने ताजपुर रोड स्थित जीवन सिंह नगर इलाके में चल रहे एक क्लिनिक पर अचानक छापा मारा। वहीं, कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके से दवाओं के सैंपल लिए और क्लिनिक द्वारा खरीद के बिल न दिखा पाने पर कई दवाएं ज़ब्त कर लीं।
View this post on Instagram
जांच टीम का नेतृत्व करने वाले मेडिकल ऑफिसर ने बताया कि CMO की लिखित शिकायत पर कार्रवाई के लिए डॉक्टरों और अन्य अधिकारियों की एक विशेष टीम बनाई गई थी। इस संयुक्त जांच के दौरान, टीम ने तीन तरह की दवाओं के सैंपल लिए और दस अन्य तरह की दवाएं ज़ब्त कीं। मेडिकल ऑफिसर के अनुसार क्लिनिक चलाने वाला व्यक्ति मौके पर दवाओं के खरीद बिल नहीं दिखा सका। जांच अधिकारियों ने क्लिनिक चलाने वाले व्यक्ति की डिग्री की एक कॉपी भी अपने कब्ज़े में ले ली है। यह क्लिनिक नरेश कुमार नाम का व्यक्ति चला रहा था।
वहीं, अपना पक्ष रखते हुए क्लिनिक चलाने वाले नरेश कुमार ने बताया कि पहले उनके पिता यह क्लिनिक चलाते थे और अब वह इसे संभाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने मेडिकल डिप्लोमा किया है और आगे की पढ़ाई के लिए डिग्री कोर्स करने की तैयारी कर रहे हैं।
क्लिनिक में सिर्फ़ प्राथमिक उपचार देते हैं। अगर किसी मरीज़ को बेहतर इलाज की ज़रूरत होती है, तो उन्हें बड़े अस्पताल भेज दिया जाता है। उन्होंने बताया कि आज विभाग की टीम जांच के लिए आई थी और उसने दो-तीन सैंपल लिए।
