रायपुरः छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में बेकार और बचे विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान धमाका हो गया। इस धमाके में सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) के चार जवान घायल हो गए, जिनमें दो जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुवार की शाम भेजी पुलिस स्टेशन के इलाके में एलारमाडगु सुरक्षा कैंप के पास हुई। अधिकारी ने बताया कि विस्फोटक नष्ट करने के काम में लगे चार जवान धमाके में घायल हो गए।
हादसे के बाद चारों घायल जवानों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, यहां उनका इलाज शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल दोनों ASI की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर रख रहे हैं। जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर करने की तैयारी भी की जा रही है। शुरुआती जानकारी में हादसा एक्सीडेंटल ब्लास्ट की वजह से हुआ है। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं, चारों घायल जवानों का इलाज जारी है।
