अमृतसरः बीबी रूप कौर ने श्री अकाल तख्त साहिब में पीड़िता को पेश करने की योजना के तहत सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से उन्होंने पीड़िता को श्री अकाल तख्त साहिब लाने की बात कही है, तब से उन्हें रोकने की कोशिशें की जा रही है।
उन्होंने दावा कि पीड़ितों को डराया-धमकाया जा रहा है और उन्हें सामने आने से रोका जा रहा है। बीबी रूप कौर ने बताया कि उन्हें पहले ही वहां न जाने की चेतावनी दी गई थी, ताकि कोई अनहोनी न हो या हालात न बिगड़ें। उनके मुताबिक, उन्हें वहां जाने से रोकने की सीधी कोशिशें की गईं। फिर भी उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साफ कर दिया था कि वह जरूर श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचेंगी।
उन्होंने बताया कि एक पीड़ित महिला ने अब वीडियो मैसेज के जरिए उनसे संपर्क किया है। बीबी रूप कौर के अनुसार महिला ने गुजारिश की है कि उसका मैसेज लोगों तक पहुंचाया जाए और सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता जाहिर की है। मामले को गंभीर बताते बीबी रूप कौर ने पंजाब DGP से अपील की कि वे इसे संवेदनशील मुद्दा मानें और सुरक्षा में कोई चूक न होने दें। उन्होंने कहा कि जब प्रशासन को पहले से पता था कि पीड़ित महिलाओं को श्री अकाल तख्त साहिब के सामने पेश होना है, तो ऐसे अहम समय पर सुरक्षा इंतजामों में चूक चिंता का विषय है।
उन्होंने DGP से आग्रह किया कि वे इस मामले पर गंभीरता से ध्यान दें और जल्द जवाब दें। बीबी रूप कौर ने श्री अकाल तख्त साहिब टास्क फोर्स और मैनेजमेंट से भी अपील की कि वे पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
बीबी रूप कौर ने बताया कि संबंधित महिला खुद सामने आकर सबूत पेश करना चाहती है, बशर्ते उसकी सुरक्षा की गारंटी दी जाए। बीबी रूप कौर ने प्रशासन से सवाल किया कि किसके कहने पर कथित तौर पर उनकी सुरक्षा में बाधाएं डाली जा रही हैं और इसके पीछे क्या कारण हैं। उन्होंने DGP से आग्रह किया कि वे इस मामले का तुरंत संज्ञान लें और जवाब दें ताकि वे सुरक्षित रूप से श्री अकाल तख्त साहिब के सामने पेश हो सकें।
