भोजपुरः रोहतास जिले में सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकले नौवीं कक्षा के एक छात्र को गोली मार दी गई। घटना कच्छवां थाना क्षेत्र के कैथी गांव के जागु टोला बस स्टैंड के समीप हुई। बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने छात्र पर फायरिंग की और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
घायल छात्र की पहचान कैथी गांव निवासी दिनेश सिंह के 15 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार के रूप में हुई है। वह औरंगाबाद जिले के दाउदनगर स्थित ज्ञान गंगा इंटर स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ता है। गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए आरा शहर के महावीर टोला स्थित मेडिकान अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 5:55 बजे आशीष कुमार स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। वह अपने घर से लगभग 800 मीटर दूर कैथी के जागु टोला स्थित बस स्टैंड के पास बस पकड़ने के इंतजार में खड़ा था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे। इससे पहले कि छात्र कुछ समझ पाता, हमलावरों ने उस पर गोली चला दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के संबंध में कुल तीन राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। गोली छात्र के सीने के पास लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर बाइक से फरार हो गए।
गोली लगने से घायल आशीष को उपचार के लिए आरा लाया गया, जहां महावीर टोला स्थित मेडिकान अस्पताल में उसका इलाज जारी है। घटना के बाद छात्र के परिजन चिंतित हैं। फिलहाल उसकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।
