पटियाला: पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर ने प्रताप नगर पहुंचकर लोगों से मुलाकात की और बैठकें कीं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव को लेकर पूरी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी की ओर से अलग-अलग स्थानों पर बैठकें की जा रही हैं और लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं। परनीत कौर ने कहा कि अलग-अलग राजनीतिक पार्टियां अपने-अपने एजेंडे के साथ जनता के बीच पहुंच रही हैं। भाजपा की ओर से भी महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर जगह-जगह लोगों तक अपना संदेश पहुंचाया जा रहा है। चंडीगढ़ में कानून-व्यवस्था से जुड़े मामले पर परनीत कौर ने कहा कि स्थिति बेहद गंभीर है। उन्होंने कहा कि यदि हाईकोर्ट ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का फैसला किया है तो इससे मामले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने अमरजीत चावला के साथ हुई घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जांच में यदि किसी की गलती या अपराध सामने आता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। परनीत कौर ने भाजपा की ओर से निकाली गई यात्रा को मिले जन-समर्थन पर कहा कि उन्हें अपने क्षेत्र में उम्मीद से भी ज्यादा लोगों का समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे का मुद्दा बेहद महत्वपूर्ण है और भाजपा इसे प्रमुखता से उठा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में किसानों की समस्याएं, महिलाओं से जुड़े मुद्दे, राज्य की वित्तीय स्थिति सहित अलग-अलग वर्गों की कई समस्याएं हैं।
भाजपा सत्ता में आने के बाद इन समस्याओं का समाधान करने के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है, उसे पूरा करने के लिए काम करती है। उन्होंने लोगों से पंजाब के भविष्य और अपने बच्चों के लिए भाजपा को एक मौका देने की अपील की। भाजपा महिला मोर्चा पंजाब की अध्यक्ष जय इंदर कौर ने कहा कि वे लोगों से मिलने के लिए यहां पहुंचे हैं। कार्यकर्ताओं और लोगों के साथ बैठक के अलावा वन-टू-वन बातचीत भी की जा रही है और उनकी समस्याएं सुनी जा रही हैं। जय इंदर कौर ने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से पर्चियां भरवा रहे हैं और कथित तौर पर उनसे यह लिखवाया जा रहा है कि वे आने वाले चुनाव में आम आदमी पार्टी को ही वोट देंगे।
उन्होंने कहा कि यह बेहद गलत बात है। हर मतदाता को अपनी पसंद की राजनीतिक पार्टी को वोट देने का अधिकार है। किसी भी व्यक्ति पर किसी पार्टी को वोट देने के लिए दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए। जय इंदर कौर ने आरोप लगाया कि सरकार के पास अब केवल कुछ समय बचा है, जिसके चलते लोगों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि लोगों को धमकाने और उनसे हस्ताक्षर करवाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का इंतजार किया जा रहा है और भाजपा पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
