हमीरपुरः हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में रात के अंधेरे में संदिग्ध गाड़ी की तलाश करने पहुंची पुलिस टीम के सामने कुत्ते को छोड़ देने का मामला सामने आया है। कुत्ते ने हेड कांस्टेबल राम कृष्ण पर हमला कर पेट में काट लिया। भोटा के अंतर्गत टियाले दा घाट में ये घटनाक्रम हुआ। पुलिस के अनुसार गाड़ी रोककर पूछताछ शुरू ही हुई थी कि पिछली सीट पर बैठा एक व्यक्ति अचानक बाहर निकलकर कश्यप निवास की ओर भाग गया।
पुलिस कर्मी उसके पीछे पहुंचे तो वहां मौजूद दो महिलाओं और कुत्ते से सामना हो गया। आरोप है कि कुत्ते को पुलिस टीम की ओर ललकारा गया और उसने हेड कांस्टेबल को काट लिया।
घटना 4 अक्टूबर रात करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है। पुलिस टीम इलाके में अवैध शराब और मादक पदार्थों से जुड़े सुराग की तलाश में निकली थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घुमारवीं से हमीरपुर की तरफ आ रही एचपी 37एफ 2495 नंबर की गाड़ी में संदिग्ध सामान हो सकता है।
सूचना के बाद टीम ने वाहन को टियाले दा घाट से आगे कश्यप निवास के पास रोक लिया। पुलिस के बयान के मुताबिक वाहन में बैठे लोगों को कार्रवाई की जानकारी दी गई। इसी दौरान यह सारा घटनाक्रम हो गया। घायल पुलिसकर्मी के बयान पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी बलबीर सिंह ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
