संगरूर: जिले के कस्बा दिड़बा के अधीन पड़ते गांव रोगला में कबड्डी खिलाड़ी जसकरण सिंह की खूनी झड़प में मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार बीते दिन 2 पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। जिसमें कबड्डी खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसके बाद जसकरण सिंह को उपचार के लिए कोहरिया अस्पताल में दाखिल करवाया गया। हालत गंभीर होने के बाद उसे डॉक्टरों द्वारा संगरूर अस्पताल में रैफर कर दिया गया।
लेकिन सेहत में सुधार ना होने के कारण डॉक्टरों द्वार पीजीआई में रैफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान जसकरण सिंह की मौत हो गई। खेल के मैदान में अपनी चमक बिखेरने वाले इस युवा सितारे की अचानक हुई हत्या से पूरे गांव और खेल जगत में गहरा शोक व सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
थाना दिड़बा के एसएचओ दविंदर सिंह ने कहाकि दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी गई है, जल्द दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दूसरी ओर, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना हैकि दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया था कि आरोपियों ने जसकरण पर तेजधार हथियारों और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस घटना में जसकरण लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। जसकरण की मौत को लेकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि एक मामूली सी बात पर इतने होनहार खिलाड़ी को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया।