फिरोजपुरः जिले में गुंडागर्दी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला फिरोजपुर के सीमावर्ती गांव माछीवाड़ा से सामने आया है, जहां कुछ दिन पहले गांव माछीवाड़ा की दुकानों पर कुछ युवकों के बीच आपसी झगड़ा हुआ था। इस मामले को लेकर पंचायत के जरिए बातचीत चल रही थी, जिसके चलते विरोधी पक्ष की ओर से 15 से 20 हथियारबंद लोग बीती रात करीब 9:30 बजे घर में घुस आए।
हमलावरों ने ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए और गेट तोड़कर घर के अंदर जमकर तोड़फोड़ की। पीड़ित परिवार ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। हमलावरों ने घर की अलमारियां खंगाल लीं और वहां से करीब सवा लाख रुपये नकद और सवा तोले के आसपास सोना भी लूट ले गए। परिवार ने 112 हेल्पलाइन पर सूचना देकर मदद मांगी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस को इस संबंध में थाने में शिकायत दे दी गई है। वहीं, पीड़ित परिवार ने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें न्याय दिलाया जाए।