कोहाटः पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट में शुक्रवार की नमाज के दौरान ओल्ड पुलिस लाइंस के पास धमाका हो गया। जिसके बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हुई है और 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे है। पुलिस के अनुसार, विस्फोटकों से लदा एक वाहन कथित तौर पर ओल्ड पुलिस लाइंस के गेट से टकरा गया, जिसके बाद धमाका हुआ और गोलीबारी की आवाज भी सुनी गई। विस्फोट के बाद मस्जिद के बाहर गड्ढा बन गया, मस्जिद के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा और एक दीवार ढह गई।
View this post on Instagram
धमाके में आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है। स्थानीय मीडिया इस हमले को फिदायीन हमला बता रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बम धमाके के बाद मस्जिद के बाहर फायरिंग भी की गई है। हालांकि, यह सामने नहीं आया है कि हमला किस आतंकी संगठन की ओर से किया गया। पुलिस ने बताया कि घायलों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। जिला मुख्यालय (डीएचक्यू) अस्पताल के एमएस ताहिर अली शाह ने बताया कि धमाके के बाद अस्पताल में 15 शव लाए गए हैं।
इसके अलावा 50 से ज्यादा घायलों को भी अस्पताल लाया गया है। उन्होंने बताया कि विस्फोट के बाद पुलिस लाइंस में अतिरिक्त पुलिस बल की टुकड़ी तैनात की गई। अस्पताल अधिकारियों के अनुसार, कोहाट के DHQ अस्पताल में घायल लोगों को लाया गया था, जिसके बाद वहां इमरजेंसी घोषित कर दी गई। रेस्क्यू 1122 की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया। अधिकारी धमाके की परिस्थितियों और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान की जांच कर रहे है। धमाके के बाद गोलीबारी की आवाज भी सुनाई देने की खबर थी।