शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए 228 चिकित्सा अधिकारियों (जनरल विंग) की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 70 बैकलॉग पद और 158 नए पद भरे जाएंगे जिससे मौजूदा रिक्तियों को भरने के साथ-साथ स्वास्थ्य क्षेत्र की आवश्यकताओं की पूर्ति में भी मदद मिलेगी। चिकित्सा अधिकारियों के इन पदों को भरने के लिए विभाग की ओर से हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग को एक प्रस्ताव भेजा गया है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यकुशलता और लोगों को उनके घर-द्वार के निकट बेहतर तथा सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है और इस दिशा में शुरू की गई भर्ती एवं नियुक्ति प्रक्रियाएं सरकार के प्रयासों को इंगित करती हैं।