लुधियानाः लुधियाना-दिल्ली नेशनल हाईवे (NHAI) पर ढंडारी इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब यहां बने एक रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना सुबह साहनेवाल थाने की पुलिस को मिली जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शव हार्वेस्टिंग सिस्टम के गड्ढे में होने के कारण उसे निकालने में काफी परेशानी हुई। इसके बाद नगर निगम कर्मचारियों को बुलाया गया और उनकी मदद से शव को बाहर निकाला गया।
शव बाहर आते ही मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए। मृतक की जीभ बाहर निकली हुई थी और पूरा शरीर बुरी तरह से फूल चुका था। लाश की हालत देखकर अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह कम से कम दो दिन पुरानी है। जीभ का बाहर होना और शव का हाईवे किनारे हार्वेस्टिंग गड्ढे में मिलना हादसे से ज्यादा किसी गहरी साजिश की ओर इशारा कर रहा है। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए इस जगह का इस्तेमाल किया है।
फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। साहनेवाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए 72 घंटे तक मॉर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह महज एक हादसा है या हत्या की वारदात। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जिले के अन्य थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट्स भी चेक की जा रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा।