रोहतक: महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी MDU की कैंटीन में भाजपा नेता और मंडल अध्यक्ष के बेटे के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। हमलावरों ने मारपीट के दौरान तवे और चिमटे का इस्तेमाल किया। 20-25 छात्र उसे कैंटीन से घसीटकर बाहर कैंपस में घसीट लाए। कैंटीन में रखे तवे और चमचों से उस पर कई वार किए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें युवक कुछ युवक उसे पीट रहे हैं। एक युवक गाली देते हुए नीचे गिराकर पीटता है। इस दौरान पीड़ित, ”भाई गलती हो गई, रुक जाओ” चिल्लाता रहा। कई स्टूडेंट्स इस वारदात को देखते रहे, मगर डर के मारे किसी ने बचाने की कोशिश नहीं की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल देव को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश भी शूरू कर दी है।
भाजपा के मंडल अध्यक्ष भूप सिंह ने बताया कि बेटे देव सिंह के साथ यूनिवर्सिटी कैंपस में ही मारपीट हुई है। देव की एफडीसी की कैंटीन में पार्टनरशिप है। दोपहर के समय वह कैंटीन में ही बैठा था। भूप सिंह ने बताया कि देव कैंटीन में अकेला ही था। गांव खेड़ी साध निवासी विक्की और उसके साथी कैंटीन में आए, उन्होंने आते ही मारपीट शुरू कर दी। विक्की ने अपने साथियों के साथ मिलकर देव को बुरी तरह पीटा, जिसके बाद धमकी देकर वहां से भाग गए।
भूप सिंह ने बताया कि बेटे देव पर पहले भी विक्की हमला कर चुका है। लेकिन, आरोपी विक्की पर कार्रवाई नहीं हो रही है। विक्की एमडीयू में अपनी दहशत फैलाना चाहता है, जिसके कारण वारदात को अंजाम दिया गया है। भूप सिंह ने बताया कि घटना की शिकायत पीजीआई थाना पुलिस को दी गई है। बेटे की हालत गंभीर है। बेटे के साथ मारपीट करते हुए ही एक वीडियो भी सामने आई है, जिसमें आरोपी उसे पीट रहे हैं और देव माफी मांग रहा है।
भूप सिंह के अनुसार, यूनिवर्सिटी कैंपस में विक्की गैंग की तरफ से देव पर हमला किया गया था। उसे काले रंग की स्कार्पियो से कुचलने का भी प्रयास किया गया। कुछ छात्रों ने गाड़ी पर पथराव कर देव की जान बचाई थी। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए थे। पीजीआई थाना एसएचओ नवीन ने बताया कि छात्रों के बीच मारपीट होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में जांच शुरू की। मारपीट में एक युवक घायल है, जिसका इलाज चल रहा है। मामले में घायल के बयान पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।