पंचकूलाः पिंजौर में रौनक होटल के सामने गली में एक बुटीक शॉप में महिला की गला काटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक महिला की पहचान राजेंद्र कौर के रूप में हुई है। मृतक महिला रतपुर कॉलोनी में किराए के मकान में रहती है और अपना बुटीक चलाती थी। इसके साथ ही लड़कियों सिलाई भी सिखाती थी। खून से लथपथ लेडी को एक कारपेंटर राजू बाइक पर अस्पताल लेकर गया। डॉक्टरों ने ट्रीटमेंट शुरू किया, लेकिन अधिक खून बहने की वजह से बचा नहीं सके।
प्रत्यक्षदर्शी कारपेंटर का कहना है कि महिला जमीन पर लेटी हुई डायरी पर कुछ लिख रही थी। पुलिस के मुताबिक खून सनी डायरी के पन्ने पर लिखा है, मुझे मारने वाला मेरा पति है, प्लीज हेल्प। सास है और मेरी ननदें हैं प्रीति व नीतू, मेरा देवर। कारपेंटर राजू ने बताया कि वह रत्नपुर के सामने अग्रवाल फर्नीचर में काम करता है। एक महिला घर से झाड़ू-पोछा करके निकली थी। उसने मेरी दुकान पर आकर कहा कि ” भैया, वहां पर एक मैडम लेटी हुई है, जा कर देख लो।”
जब मैं मौके पर पहुंचा तो वहां तीन-चार लोग खड़े थे। इन लोगों ने मुझसे कहा कि इनको जल्दी हॉस्पिटल ले जाओ। तभी वहां से एक युवक बाइक से गुजर रहा था। उसे हमने रोका और उसकी बाइक पर खून से लथपथ महिला को बैठा के अस्पताल तक पहुंचाया। मैं इस महिला को नहीं जानता। घटना की सूचना मिलने के बाद पिंजौर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और इस मामले को लेकर पुलिस के द्वारा आगामी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा इस घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में डर का माहौल बना हुआ है।