पिंजौरः अब्दुल्लापुर कॉलोनी में महिला की गला काटकर हत्या कर दी गई। वहीं घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति बुटिक के अंदर जाता है। जिसके बाद घटना को अंजाम देकर व्यक्ति दुकान का शटर बंद करके चला जाता है। वहीं घटना के कुछ देर बाद घायल महिला रितु शटर खोलकर बाहर आती है और शोर मचाने के बाद अंदर चली जाती है।
इस दौरान लोग एकत्रित हो जाते है। और घायल रितु और उपचार के लिए अस्पताल ले जाते है, जहां डॉक्टरों द्वारा उसे मृतक घोषित कर दिया गया। जानकारी के अनुसार रितु अपनी दो बच्चियों के साथ अब्दुल्लापुर कॉलोनी में किराए के मकान में रहती थी। उसका अपने पति के साथ केस भी चल रहा था, हालांकि हत्या की असली वजह और वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
घटना की सूचना मिलते ही पिंजौर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ हत्या के कारण और आरोपी की पहचान को लेकर जांच कर रही है। हत्या किसने की और इसके पीछे क्या वजह रही, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा, मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।