संभल : असमोली थाना क्षेत्र के मदला फतेहपुर गांव स्थित अल हसनैन पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान स्कूल का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। समारोह के दौरान स्कूल के मुख्य गेट का छज्जा गिरने से मलबे के नीचे दबकर तीसरी कक्षा के 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि 2 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल हो गया। दरअसल, शनिवार को स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम चल रहा था। छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल थे। इसी दौरान कुछ बच्चे मुख्य दरवाजे के छज्जे पर चढ़कर कार्यक्रम देखने लगे।
अचानक छज्जा नीचे आ गिरा और बच्चे मलबे में दब गए। छज्जा गिरने की आवाज सुनकर स्कूल में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला गया। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने कक्षा तीन के छात्र को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायल बच्चों का उपचार कराया जा रहा है। हादसे की सूचना पर संभल के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतक छात्र के परिजनों से मुलाकात की। हादसे की सूचना मिलते ही डीएम-एसपी पुलिस लाइन में चल रहा कार्यक्रम छोड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और अधिकारियों से जानकारी ली।
मृतक बच्चे के पिता ने स्कूल के खिलाफ कार्रवाई से इनकार करते हुए कहा कि बच्चे की जिंदगी यहीं तक थी। हमारी सरकार से कोई मांग नहीं है। फतेहपुर गांव के रहने वाले मोहम्मद नईम किसान हैं। नईम के तीन बच्चे हैं। फातिमा और उमामा दो बेटियां हैं, जबकि बेटा निजामुद्दीन (8) तीसरे नंबर का था। परिजनों के अनुसार, निजामुद्दीन लिटिल चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ता था। शनिवार को वह अपने स्कूल न जाकर चचेरे भाइयों के स्कूल के कार्यक्रम में गया था। वह सुबह करीब 9 बजे घर से निकला था। निजामुद्दीन के चाचा मोहम्मद सुभान ने बताया, “हमारे परिवार के बच्चे स्कूल में कार्यक्रम देखने गए थे। सभी बच्चे घर से झंडा लेकर निकले थे। कार्यक्रम के दौरान स्कूल में कुछ बच्चे छज्जे के ऊपर खड़े थे। अचानक छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया। छज्जा गिरने से निजामुद्दीन सहित कई बच्चे नीचे दब गए।”

