लखनऊः यूपी के लखनऊ में 15 अगस्त को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, सुलतानपुर हाईवे पर भीषण हादसे में 4 मजदूरों की जान चली गई। गंगागंज के पास ईंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और चारों मजदूर उसके नीचे दब गए। गोसाईगंज पुलिस के अनुसार हादसा शनिवार सुबह करीब 4:45 बजे हुआ। ईंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली गंगागंज के पास सुल्तानपुर हाईवे पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली पर सवार चार मजदूर ईंट के ढेर के नीचे दब गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
दर्दनाक हादसाः स्वतंत्रता दिवस पर पल/टी ट्रैक्टर-ट्राली, 4 की मौ/त
#RoadAccident #TractorTrolleyAccident #IndependenceDay #AccidentNews pic.twitter.com/VBZ8HWCbbV— Encounter Newspaper (@encounter_md) August 15, 2026
सूचना मिलते ही गोसाईगंज थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। ट्रॉली पर भारी मात्रा में ईंट लदी थीं, इसलिए उसे हटाने के लिए एनएचएआई से क्रेन बुलाई गई। क्रेन की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद शव निकाले गए। एक ही भट्टे पर काम करने वाले चार साथियों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया। करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद चारों घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से सीएचसी गोसाईगंज भेजा गया। सीएचसी में डॉक्टरों ने पीतांबर रावत, संदीप रावत, और पवन रावत को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल बलराम रावत 35 वर्ष को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस जांच में पता चला कि चारों मृतक कोठी थाना क्षेत्र के अचकामऊ स्थित देशराज के आरबीएफ ईंट भट्टे पर काम करते थे। पीतांबर ट्रैक्टर चालक था, जबकि संदीप, पवन और बलराम ईंट लादने-उतारने का काम करते थे। हादसे के समय सभी ईंट लेकर भट्टे से निकले थे। चारों एक ही गांव के रहने वाले थे। एक साथ चार अर्थियों के उठने से गांव में मातम पसर गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
