नई दिल्ली : नोएडा से एक सनसनी खेज मामला सामने आया है। जहां, पीजी में रहने वाली असम की 19 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार युवती का शव लहूलुहान हालात में पीजी में रहने वाले युवक के कमरे से बरामद हुआ है। युवती के शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं। बताया जा रहा है कि घटना के बाद युवक रूम में ताला लगाकर मौके से फरार हो गया। ये वारदात नोएडा के बरौला गांव स्थित एक पीजी में हुई है।
शराब पीने को लेकर हुआ था विवाद
मकान मालकिन की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जिसके बाद पुलिस मामले संबंधी छानबीन में जुट गई है। शुरुआती जांच में शराब पीने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। टीम ने कमरे और आसपास के स्थान की जांच की है। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा है।
माता-पिता को बिना बताए नोएडा आई थी मृतका
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान असम के डिबगरू की रहने वाली महक अहमद के रूप में हुई है। वह 12वीं तक की पढ़ाई कर चुकी थी और करीब 3 सप्ताह पहले ही अपने माता-पिता को बिना बताए नोएडा आई थी। यहां वह अपनी पुरानी सहेली संजना के साथ बरौला गांव स्थित पीजी मैं रह रही थी। इसी मकान की पहली मंजिल पर बिहार के कटिहार का रहने वाला रमन भी कमरा लेकर रहता था।