चंडीगढ़ : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी से संबद्धता प्राप्त सभी राजकीय/अराजकीय विद्यालयों/गुरुकुलों/विद्यापीठों द्वारा शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 9वीं व 11वीं के छात्र/छात्राओं के वार्षिक परीक्षा के अंक ऑनलाइन अपलोड करने की अंतिम तिथि 7 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 24 जुलाई, 2026 कर दिया गया है। ऐसे विद्यालय जिन द्वारा कक्षा 9वीं व 11वीं की वार्षिक परीक्षा के अंक ऑनलाइन अपलोड नहीं किए हैं वे 24 जुलाई, 2026 तक अंक अपलोड कर सकते हैं।
बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि सभी संबंधित संस्थाएं बोर्ड की आधिकारिक वेबसाईट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक पर आई.डी./पासवर्ड से लॉगिन करते हुए समय रहते अंक अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने आगे बताया कि यदि किसी विद्यालय द्वारा निर्धारित तिथि में छात्र/छात्राओं के अंक अपलोड नहीं किए जाते हैं, तो ऐसे छात्र/छात्राओं को बोर्ड की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की आगामी वार्षिक परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी तकनीकी कठिनाई के लिए दूरभाष नं 01664-254300, 254302 पर किसी भी कार्यदिवस में 09:00 बजे से 05:00 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त एनरोलमेंट शाखा की ई-मेल आई.डी. asenr@bseh.org.in के माध्यम से किसी भी कार्य दिवस में संपर्क कर सकते हैं।

