नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा हुआ है। कुंदरकी थाना क्षेत्र में आगरा नेशनल हाईवे पर बिस्कुट फैक्ट्री के पास देर रात सड़क किनारे खड़े वाहन में होंडा अमेज कार जा टकराई। इससे कार में मौजूद 4 लोगों की मौत हो गई। इसमें 3 महिलाएं और 1 पुरुष था। बताया जा रहा है कि कार सवार लोग शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जानकारी के अनुसार मुंबई से इकराम की पत्नी नरगिस और बेटी अल्फी फ्लाइट से दिल्ली आए थे। नरगिस के साथ उसकी भतीजी सिमरन और शमीम भी था। सभी कार में सवार सभी होकर रवाना हुए।
देर रात कार कुंदरकी थाना इलाके के आगरा नेशनल हाईवे स्थित बिस्कुट फैक्ट्री पर पहुंची। इसी दौरान कार ड्राइवर को झपकी लगी, जिससे कार का बैलेंस बिगड़ गया और कार सड़क किनारे खड़े वाहन से जा टकराई। नरगिस का ससुराल संभल जिले के सिरसी में है, उसका परिवार मुंबई में रहता है। इस हादसे को लेकर एसपी देहात संदीप कुमार मीणा ने बताया कि ड्राइवर को झपकी आने से ये हादसा हुआ है। इसमें 4 लोगों की मौत हुई है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
