पुलिस ने कहा- घरेलू कर्मचारियों को रखने से पहले उनका सत्यापन अवश्य करवाएं
पंचकूलाः पुलिस टीम ने बुजुर्ग महिला के घर से लाखों रुपये के कीमती गहनों की चोरी के मामले को सुलझाते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर चोरी गए गहने बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी महिला से लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के सोने व डायमंड के गहने बरामद किए हैं।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार 13 जून को चंडीगढ़ निवासी एक शिकायतकर्ता ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी 91 वर्षीय सास, जो पंचकूला के मनसा देवी क्षेत्र में रहती हैं, उनके घर में खाना बनाने का काम करने वाली एक युवती ने घर में रखे सोने एवं डायमंड के कीमती गहने चोरी कर लिए हैं। शिकायत मिलने के बाद थाना मनसा देवी में संबंधित धाराओं के तहत चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच करते हुए डिटेक्टिव स्टॉफ इंचार्ज तजिन्द्र पाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने मामलें से जुड़े तथ्यों, परिस्थितियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में गहन जांच और पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान घर में खाना बनाने आने वाली महिला पर संदेह होने पर उससे पूछताछ की गई।
पुलिस टीम ने महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में मनीमाजरा, चंडीगढ़ निवासी 33 वर्षीय आरोपी महिला हीना को 20 जून को गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगे की जांच एएसआई गुरमेज सिंह द्वारा की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी महिला से महत्वपूर्ण जानकारी हासिल हुई जिसके आधार पर चोरी किए गए गहनों की बरामदगी की कार्रवाई की गई।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार 21 जून को आरोपी महिला को न्यायालय में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के सोना एवं डायमंड के गहने बरामद कर लिए। आरोपी महिला को आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पंचकूला पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की गई है कि घरेलू कर्मचारियों को रखने से पहले उनका सत्यापन अवश्य करवाएं।
