चंडीगढ़: हरियाणा ने टीबी (क्षय रोग) उन्मूलन की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। वर्ष 2025 में प्रदेश की कुल 6,237 ग्राम पंचायतों में से 2,157 ग्राम पंचायतों को निर्धारित मानकों के सत्यापन के बाद टीबी मुक्त प्रमाणित किया गया है, जो कुल ग्राम पंचायतों का लगभग 35 प्रतिशत है। इसके अलावा, प्रदेश में चलाए जा रहे विशेष टीबी उन्मूलन अभियान के तहत अब तक करीब 25.6 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। इस अभियान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित डिजिटल एक्स-रे और त्वरित आणविक जांच तकनीक का उपयोग कर बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान सुनिश्चित की जा रही है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि हरियाणा सरकार सक्रिय सामुदायिक स्क्रीनिंग, आधुनिक जांच सुविधाओं, बेहतर उपचार निगरानी और जनभागीदारी के माध्यम से टीबी उन्मूलन की रणनीति को और मजबूत कर रही है। इसका मुख्य उद्देश्य टीबी के मामलों की शुरुआती स्तर पर पहचान करना है, जिसमें बिना लक्षण वाले व्यक्तियों के साथ-साथ ग्रामीण एवं स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों की संवेदनशील आबादी को भी शामिल किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 7 दिसंबर 2024 को शुरू किए गए विशेष अभियान के तहत अब तक 9 लाख से अधिक छाती के एक्स-रे और लगभग 5.5 लाख आणविक जांच की जा चुकी हैं। अभियान के दौरान अक्टूबर 2026 तक करीब 1.67 लाख टीबी के मामलों की पहचान की गई है। यह आंकड़ा अभियान के दौरान अब तक सामने आए कुल मामलों का है, न कि वर्तमान में उपचाराधीन मरीजों की संख्या का।
डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि प्रदेश अब केवल खांसी, बुखार और वजन कम होने जैसे सामान्य लक्षणों के आधार पर टीबी की पहचान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि सक्रिय स्क्रीनिंग के माध्यम से ऐसे लोगों की भी जांच की जा रही है, जिनमें बीमारी के स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते। पोर्टेबल एआई आधारित डिजिटल एक्स-रे मशीनों की मदद से ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में भी स्क्रीनिंग की जा रही है। इससे स्वास्थ्य टीमें उन लोगों की पहचान कर पा रही हैं, जिन्हें आगे की जांच की आवश्यकता है।
