ऊना/सुशील पंडित : ऊना जिला के छह नगर निकायों में से पांच में भारतीय जनता पार्टी को मिली जीत पर भाजपा नेताओं में उत्साह का माहौल है। हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के सह मीडिया प्रभारी राजकुमार पठानिया ने पार्टी की जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश सरकार के खिलाफ जनता का स्पष्ट जनादेश बताया है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद संतोषगढ़, मैहतपुर-बसदेहड़ा तथा नगर पंचायत टाहलीवाल, गगरेट और अंब में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और जनता के विश्वास का परिणाम है। राजकुमार पठानिया ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस के “झूठे वायदों” से पूरी तरह निराश हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने प्रदेश की जनता से 10 बड़ी गारंटियां देने का दावा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद उनमें से एक भी वायदा धरातल पर पूरा नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार अन्य राज्यों में जाकर कांग्रेस के पक्ष में चुनाव प्रचार करते रहे और वहां हिमाचल मॉडल का हवाला देते हुए सभी गारंटियां पूरी करने के दावे करते रहे, जबकि प्रदेश की वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल अलग है। पठानिया ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और विकास कार्यों की रफ्तार को लेकर जनता में भारी नाराजगी है और नगर निकाय चुनाव परिणाम उसी नाराजगी का संकेत हैं। उन्होंने कहा कि ऊना जिला के नगर निकाय चुनावों में मिली जीत केवल शुरुआत है और आने वाले समय में पूरे प्रदेश में कांग्रेस के खिलाफ माहौल और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि “यह तो केवल ट्रेलर है, 31 मई को पूरे प्रदेश में कांग्रेस को पूरी फिल्म दिखाई जाएगी।” भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव परिणाम आने के बाद विभिन्न स्थानों पर मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की एकजुटता और जनता के भरोसे की जीत बताया।
