ऊना/शिमला/सुशील पंडित : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत पर प्रदेशवासियों का आभार जताते हुए कहा कि यह परिणाम मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की नाकामी, भ्रष्टाचार, अराजकता और माफिया राज के खिलाफ जनता का स्पष्ट जनादेश है। शिमला स्थित भाजपा मुख्यालय “दीप कमल” में कार्यकर्ताओं के साथ जीत का जश्न मनाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के झूठे वादों, जनविरोधी फैसलों और कुशासन से पूरी तरह परेशान हो चुकी है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है, माफिया तत्वों को संरक्षण मिल रहा है और भ्रष्टाचार ने शासन व्यवस्था को कमजोर कर दिया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों ने साफ कर दिया है कि जनता अब कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पहले से हार का अंदेशा था, इसलिए सरकार चुनाव करवाने से बचती रही और न्यायालय के आदेश के बाद ही चुनाव संपन्न हुए।
नेता प्रतिपक्ष ने इस जीत को केवल भाजपा की चुनावी सफलता नहीं, बल्कि जनता के भाजपा के प्रति विश्वास और कांग्रेस सरकार के खिलाफ बढ़ते जनाक्रोश का प्रतीक बताया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों को बधाई देते हुए प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि आने वाले चुनावों में भी जनता भाजपा को और अधिक समर्थन देकर कांग्रेस सरकार को करारा जवाब देगी।

